अमर उजाला ब्यूरो
जींद। शहर के भिवानी रोड पर एक नामी कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने दो दुकानों पर छापामारी की। जहां पर कंपनी का मार्का लगाकर पुर्जे बेचकर कंपनी व उपभोक्ताओं को चूना लगाया जा रहा था। पुलिस ने पुर्जों को कब्जे में लेकर दो दुकानदारों के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कंपनी वरिष्ठ जांच अधिकारी बलबीर सिंह ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनको सूचना मिली थी कि भिवानी रोड स्थित गर्ग ऑटो, दिनेश मोटरसाइकिल पार्ट्स पर कंपनी का मार्का लगाकर पुर्जों को असली बताकर बेचा जा रहा है। कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस को दोनों को साथ लेकर छापेमारी की। छापामारी के दौरान पार्ट्स का भंडारण मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुकानदार लक्ष्मी नगर निवासी अमित, रघबीर स्वरूप कालोनी जींद निवासी पंकज के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
नामी कंपनी का मार्का लगा पुर्जे बेचने पर दो दुकानदारों पर केस
भिवानी रोड पर कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने की छापामारी