प्लाट की रजिस्ट्री नहीं करवाई तो सदमे में महिला की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। बिहार के जिला समस्तीपुर के गांव माधोपुर दिगरवा हॉल आबाद कैथल रोड के राजनगर के रहने वाले व्यक्ति ने प्लाट का ब्याना लिखवाने के बाद भी प्लाट की रजिस्ट्री नहीं करवाया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इस सदमें उसकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कैथल रोड राजनगर निवासी जितेंद्र ने कहा कि वह 2007 से राजनगर में किराये के मकान में रहता है। 12 मई 2017 को शिवपुरी कॉलोनी निवासी अनूप, पटियाला चौक निवासी नरेंद्र तथा राजनगर निवासी राजकुमार उसके पास आ। उन्होंने कहा कि वे प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। उसे एक सस्ते दाम पर प्लॉट दिला देंगे। वह धीरे-धीरे उनके पैसे चुका सकता है। इस पर वह राजी हो गया। जितेंद्र ने कहा कि तीनों ने उसे 150 वर्ग गज का प्लॉट दिखाया। जिसका सौदा तीन लाख 90 हजार रुपये में हो गया। उसने रुपये देकर ब्याना लिखवा दिया। उसे प्लाट पर मकान बना लेने के लिए कहा गया।
जितेंद्र ने कहा कि वह कबाड़ी का काम करता है। धीरे-धीरे उसने मकान बना लिया। इसी बीच तीनों आरोपियों ने उसके नाम प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाई और कहा कि उसने समय पर पैसे नहीं दिए, इसलिए उसे मकान खाली करना पड़ेगा। जितेंद्र ने कई बार पंचायत भी करवाई, लेकिन आरोपियों ने किसी की बात नहीं मानी। बीच-बीच में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। जान से मारने की धमकी भी दी। सोमवार शाम को आरोपियों ने उसे फिर धमकी दी। इसके बाद उसकी पत्नी धमकी के सदमे के कारण बेहोश हो गई। जब उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने जितेंद्र की शिकायत पर अनूप, नरेंद्र व राजकुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी मनदीप कुमार ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।