अमर उजाला ब्यूरो
जींद। शहर के सैनी मोहल्ला में महिला का पर्स झपटने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि इस मामले में एक आरोपी को कॉलोनी के लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। कानूनगो मोहल्ला निवासी रजनी ने 30 मार्च को शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नव दुर्गा स्कूल से घर की तरफ लौट रही थी। जब वह सैनी मोहल्ला में पहुंची तो इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आए झपट्टा मारकर उसका पर्स छीन लिया। पर्स में 4,800 रुपये नकदी मौजूद थी। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान पर्स झपटकर भाग रहे एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान रामराये गेट निवासी विकास के रूप में हुई। लोगों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी विकास ने बताया था कि फरार होने वाला आरोपी गांव निडाना निवासी प्रवेश उर्फ भिंडा था। तभी से पुलिस आरोपी प्रवेश उर्फ भिंडा की तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी प्रवेश उर्फ भिंडा को गिरफ्तार कर लिया।
महिला से पर्स झपटने का आरोपी गिरफ्तार
तीन महीने पहले झपटा था पर्स