कार पलटने से एमबीबीएस छात्र की मौत
जींद। नरवाना के जाजनवाला गांव के पास हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात अनियंत्रित होकर एक कार पलट गई। इसमें रोहतक में एमबीबीएस करने वाले हिसार जिला के फरीदपुर गांव निवासी मनीष की मौत हो गई, जबकि उसके पिता सहित तीन घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जिला हिसार के गांव फरीदपुर निवासी मनीष कुंडू अपने पिता राधेश्याम व अन्य तीन के साथ कार में सवार होकर नरवाना से हिसार की ओर जा रहे थे। जाजनवाला गांव के पास गलत दिशा में कार चली गई तो चालक ने उसे सही दिशा में ले जाने लगा। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पर जा चढ़ी। इससे कार पलट गई और गाड़ी में पीछे बैठे मनीष कुंडू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार अन्य चार को मामूली चोटें आईं हैं। सड़क दुर्घटना होने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उठाया और नागरिक अस्पताल में ले आये। जहां घायलों का उपचार कर छुट्टी दे गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।