अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। गांव उरलाना पावर हाउस के पास एक पांच वर्षीय बच्ची को महिला सुनसान सड़क पर छोड़कर फरार हो गई। रोती बिलखती बच्ची को देख रिक्शा चालक ने उसके घर की तलाश में आसपास के कई गांवों मेें घूमकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रिक्शा चालक की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं रिक्शा चालक ने पुलिस से बच्ची के माता-पिता मिलने तक बच्ची को अपने पास रखने का अनुरोध किया, तो पुलिस ने बच्ची को उसके हवाले कर दिया। बच्ची ने मां का नाम अंजू और पिता का नाम ऋषि बताया, लेकिन घबराई होने के कारण वह अपना और गांव का नाम नहीं बता पा रही है। सफीदों के गांव धर्मगढ़ निवासी कर्मबीर ने पुलिस को बताया कि वह अपने रिक्शा से उरलाना में कुछ सामान छोड़कर आ रहा था कि सड़क किनारे अकेली लड़की को रोते देखा। आसपास में कोई नजर नहीं आया तो उसने लड़की को चुप कराया। पूछने पर लड़की ने बताया कि उसकी मां उसे यहां छोड़ कर एक जीप में बैठकर चली गई। लड़की ने बताया कि वह सिंदपुरा से आई है। कर्मबीर ने समझा कि वह सिंघपुरा कह रही है। कर्मबीर उसे पूरा दिन गांव सिंघपुरा, बहादुरपुर, खरकड़ा की गलियों में घुमाता रहा, लेकिन उसका घर नहीं मिला। थक कर वह पुलिस के पास आ गया। कर्मबीर ने बताया कि घर पर उसकी भी पांच वर्ष की एक बेटी है। जब तक इसके माता पिता का पता नहीं मिलता, तब तक वह उसे भी अपनी बेटी की तरह घर पर ही रखेगा।
पांच वर्षीय लड़की को छोड़ मां जीप में सवार होकर फरार
रिक्शा चालक ने बच्ची को लेकर थाने में पहुंचा