अमर उजाला ब्यूरो
जींद। धरौदी को शहरी से हटाकर ग्रामीण फीडर से जोड़ना का ग्रामीणों ने विरोध किया और निगम द्वारा लगाए गए तीन पोलों को तोड़ दिया। इस दौरान आरोपियों ने काम पर लगी लेबर को भी काम करने से रोक लिया। बाद में निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण उनकी सुनने को तैयार नहीं हुए। पुलिस ने दो लोगों को नामजद करके 20-30 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। बिजली निगम के एसडीओ रामपाल दहिया ने सदर थाना नरवाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव धरौदी शहरी फीडर से जुड़ा हुआ है, लेकिन निगम की योजना के मुताबिक गांव को शहरी फीडर से हटाकर ग्रामीण फीडर से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। जब निगम का ठेकेदार के कर्मचारी फीडर की लाइन डालने का कार्य कर रहे थे तो इसी दौरान गांव धरौदी निवासी विकास शर्मा, विकास सहित 20-30 लोगों के साथ आए और कार्य को रुकवा लिया। इस दौरान आरोपियों ने मिलकर निगम की तरफ से लगाए गए तीन बिजली के पोलों को तोड़ दिया। इस दौरान वहां पर लगे कर्मचारियों को भी काम करने से रोका। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव धरौदी निवासी विकास शर्मा, विकास को नामजद करके 20-30 अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहरी फीडर से हटाकर ग्रामीण से जोड़ने का विरोध
--धरौदी के लोगों ने निगम द्वारा लगाए गए पोलों को तोड़ा
--दो लोगों को नामजद करके 20-30 अन्य के खिलाफ किया मामला दर्ज