अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। गांव देवरड़ में मृत व्यक्ति को जिंदा दिखाकर बीमा करवाने और बाद में उसकी मौत दिखाकर बीमा कंपनियों से 30 लाख रुपये हड़पने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। गांव देवरड़ निवासी जर्नादन ने 23 मार्च को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के बलबीर की पांच जुलाई 2015 को मौत हुई थी। बलबीर एक स्कूल में गेट कीपर की नौकरी करता था। बलबीर की मौत होने के बाद उसे जिंदा दिखाकर छह बीमा कंपनियों से लाखों रुपये का बीमा करवाया गया। इसके बाद बलबीर का फर्जी मृत्यु-प्रमाण पत्र बनवाकर क्लेम के रूप में बीमा कंपनियों से करीब 30 लाख रुपये ले लिए गए। जर्नादन ने बताया कि इसकी शिकायत उसने सभी बीमा कंपनियों को मेल डाल कर की। यहां पर उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उसने इसकी शिकायत पीएमओ दफ्तर में की।। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर जर्नादन की शिकायत पर देवरड़ गांव के वजीर और अन्यों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। पुलिस जांच के दौरान गांव के ही मांगेराम का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी मांगेराम को गिरफ्तार कर लिया।
बीमा कर 30 लाख हड़पने का एक आरोपी गिरफ्तार