जींद। सोमवार शाम लगभग चार बजे श्रीराग खेड़ा व कंडेला गांव के बीच कार में कपड़ा बेचने जा रहे एक व्यक्ति पर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने गंडासे से हमला कर दिया। इसमें व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी व्यक्ति की कपड़े से भरी कार, मोबाइल फोन और पर्स लूटकर फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चला। पुलिस ने घायल व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव दालमवाला निवासी विक्रम ने कहा कि वह अपनी कार में कपड़ा भरकर आसपास के गांवों में बेचने जाता है। सोमवार शाम को लगभग चार बजे वह गांव श्रीराग खेड़ा से कंडेला की तरफ जा रहा था। जब वह श्रीराग खेड़ा व कंडेला गांव के बीच में पहुंचा तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो लोग आए और दोनों ने अपने मुंह कपड़े से ढक रखे थे। उन्होंने कार के आगे अपनी मोटरसाइकिल लगा दी और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने उस पर गंडासे से हमला कर दिया। उसने अपना हाथ ऊपर कर दिया, इसलिए गंडासा उसके हाथ में लगा। इसके बाद आरोपियों ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उसकी कपड़े से भरी कार, मोबाइल फोन व पर्स लूटकर छीन कर फरार हो गए। विक्रम ने कहा कि उसकी गाड़ी में लगभग एक लाख रुपये का कपड़ा तथा पर्स में दो हजार रुपये थे। बाद में राहगीरों ने विक्रम को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा। सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने विक्रम की शिकायत पर अज्ञात दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।