जींद। धार्मिक आस्था के नाम पर कैथल रोड पर एक मार्बल स्टोर मालिक से ठग ने काली पैंट उतरवा और उसमें रखे 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। ठग के तरीके को सुनकर सभी लोग स्तब्ध रह गए। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव शाहपुर निवासी 42 वर्षीय मनोज कुमार ने कहा कि उसने सदर थाना के सामने कैथल रोड पर जय अंबे टाइल्स, मार्बल एवं सेनेटरी स्टोर की दुकान की हुई है। मंगलवार सुबह उसकी दुकान पर एक व्यक्ति आया और उससे ग्राउट का एक पैकेट मांगा तो उसने उसे दे दिया। उक्त व्यक्ति ने उसे पांच सौ रुपये का नोट दिया। उसने अपने अपनी पैंट की जेब से पर्स निकाला और पचास रुपये काटकर साढ़े चार सौ रुपये लौटा दिए। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने कहा कि उसे वॉश बेसन सीट व कुछ अन्य सामान लेना है। इसके बाद वह वॉश बेसन सीट लेने के लिए जाने लगा तो व्यक्ति ने कहा कि वह ओम शांति को मानने वाला है। आपने काली पैंट पहनी हुई है। वह काली पैंट पहनने वाले व्यक्ति के सामान नहीं लेता है, इसलिए आप पैंट को निकालकर कोई सफेद पैंट या पायजामा पहनकर ही उसे वॉश बेसन की सीट दें। उसने पैंट निकालकर काउंटर पर रख दी और सफेद परना लपेटकर दुकान के अंदर से वॉश बेसन लेने चला गया। जब वह दुकान के अंदर से वॉश बेसन लेकर आया तो उसे दुकान में व्यक्ति दिखाई नहीं दिया। इसके बाद जब उसने पैंट को संभाला तो उसमें से पर्स गायब मिला।
मनोज कुमार ने कहा कि उसके पर्स में 60 हजार रुपये की नकदी थी जो गायब मिली। शहर थाना पुलिस ने मनोज कुमार की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस प्रकार की ठगी की बात सुनकर लोग स्तब्ध रह गए। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, सभी हैरान थे।