सफीदों। गांव हाट के पास बाइक सवार दो युवकों की अज्ञात वाहन से टक्कर होने के कारण एक छात्र की मौत और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान 17 वर्षीय विकास के रूप में हुई। घायल गुरदेव की उपमंडल के गांव बहादुरपुर निवासी बताया गया है। छात्र कस्बे के न्यू बीएसएम स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। मामले की सूचना रात्रि ही पुलिस को दी गई थी। पुलिस से शव का कब्जे में लेकर सफीदों के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। घायल गुरुदेव ने बताया कि वह विकास को साथ लेकर शुक्रवार रात्रि गांव मोरखी में किसी अपने दोस्त को लेने के लिए जा रहे थे। जब वह रात्रि गांव हाट के पास पहुंचे तो सामने ओवर टेक कर रहे किसी अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मारी। इसमें वह दोनों घायल हो गए। जहां से दोनों को सफीदों के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। डाक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।