सफीदों। एक ज्वैलर्स से अज्ञात युवकों द्वारा पिस्तौल की बल पर गहने व नकदी छीनने का मामला सामने आया है। सफीदों पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सफीदों पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नौ निवासी चंद्र प्रकाश ने कहा कि उसके घर में ही ज्वैलर्स की दुकान है। वह जेवरात सप्लाई करने का भी काम करता है। बुधवार सुबह वह अपनी दुकान पर काम करने वाले नारा गांव निवासी कुलदीप के साथ ऑल्टो कार में सवार होकर पानीपत व समालखा में जेवरात की सप्लाई करने के लिए गया था। शाम को वह जेवरात की सप्लाई देकर सफीदों वापस लौट रहे थे। रास्ते में उसने कुलदीप को उसके गांव नारा गांव के अड्डे पर उतार दिया। रास्ते में हांसी-बुटाना नहर के पास पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए व एक गाड़ी में सवार एक युवक ने उसकी गाड़ी रुकवा ली। तीनों युवकों ने पिस्तौल के बल पर उससे 77 हजार रुपये और एक किलो 200 ग्राम सोना लूट लिया। पुलिस ने चंद्र प्रकाश की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।