जींद। एमएस हैवेल्स इंडिया लिमिटेड के बेस्ट ब्रांड लोयड (स्टेब्लाइजर) का डुप्लीकेट स्टेब्लाइजर बेचने के आरोप में कंपनी अधिकारियों व पुलिस ने रानी तालाब स्थित श्री इलेक्ट्रॉनिक्स पर छापा मारा। पुलिस को यहां से 35 डुप्लीकेट स्टेब्लाइजर मिले हैं। पुलिस ने फर्जी माल बेचने के आरोप में कॉपी राइट एक्ट के तहत श्री इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक मनोज सिंगला और करनाल की एमएस गुरु नानक एयरटेक कंपनी के मालिक जसविंदर कालड़ा के खिलाफ माल तैयार करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में एमएस हैवेल्स इंडिया लिमिटेड के फील्ड ऑफिसर चंडीगढ़ निवासी मनीष जिंदल ने बताया कि उनकी कंपनी एमएस हैवेल्स इंडिया लिमिटेड लोयड नाम से स्टेब्लाइजर बनाती है। करनाल की गुरुनानक एयरटेक कंपनी इस ब्रांड के नाम से नकली स्टेब्लाइजर बनाकर सप्लाई करती है। जींद के श्री इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक मनोज सिंगला इस नकली स्टेब्लाइजर की बिक्री करता है। यदि मौके पर छापा मारा जाए तो दुकान से डुप्लीकेट स्टेब्लाइजर बरामद किए जा सकते हैं। इस पर पुलिस ने मंगलवार दोपहर दो बजे रानी तालाब स्थित श्री इलेक्ट्रॉनिक्स के यहां छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस को लोयड के नाम से 35 नकली स्टेब्लाइजर बरामद हुए। इन पर लोयड के नाम का मार्का लगा हुआ था। पुलिस ने मनोज सिंगला तथा करनाल की गुरुनानक एयर टेक कंपनी के मालिक जसविंदर कालड़ा के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।