सफीदों। गांव मुआना में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में 14 लोग घायल हो गए। चिकित्सकों ने 12 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सफीदों के नागरिक अस्पताल में भर्ती सुनीता व उसके बेटे कमलजीत ने बताया कि उन्होंने दो माह पहले गांव के दीपक से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। सोमवार रात को दीपक को रुपये लौटा दिए। आरोप है कि रात को दीपक का पिता जसपाल राणा शराब के नशे में धुत्त होकर गली में कपड़े निकालकर नंगा खड़ा हो गया। जब गली के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की तो जसपाल ने अपशब्द कहना शुरू कर दिया। इस पर गली के लोगों ने मिलकर जसपाल की पिटाई कर दी।
इसके बाद मंगलवार सुबह जसपाल के बेटे दीपक व दूसरे पक्ष के कमलजीत के बीच झगड़ा हो गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर तेजधार हथियार चले। इसमें एक पक्ष की 25 वर्षीय गर्भवती सोनिया, 50 वर्षीय प्रकाश, 48 वर्षीय सत्यवान, 42 वर्षीय सुभाष, 30 वर्षीय मोहन, 28 वर्षीय सोहन व 27 वर्षीय टिंकू के सिर में तेजधार हथियार लगने से काफी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं जसपाल पक्ष के 23 वर्षीय प्रदीप, 21 वर्षीय जितेंद्र, 55 वर्षीय धर्मपाल, 48 वर्षीय ओमप्रकाश व कदम सिंह समेत पांच लोग गंभीर रूप सेे घायल हैं। सफीदों नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर अवस्था को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि मामले के जांच अधिकारी को ब्यान लेने के रोहतक भेजा गया है। इसके बाद ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।