जेल में बंदी से मोबाइल बरामद
जींद। जिला कारागार में मोबाइल मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार शाम को भी जेल प्रशासन ने एक बंदी से मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बंदी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
जेल उपाधीक्षक ओमप्रकाश ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम को सूचना मिली कि जेल के ब्लाक चार में एक बंदी मोबाइल लिए हुए है। सूचना के आधार पर जेल प्रशासन ने ब्लाक में सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान बंदी अलेवा निवासी मोहन उर्फ मोनू के पास से एक मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल को पकड़े गए आरोपी के साथ दूसरे बंदियों ने भी प्रयोग किया है। जेल प्रशासन ने मोबाइल को कब्जे में लेकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मोबाइल के माध्यम से पता लगाने में लगी है कि मोबाइल को किस-किस बंदी ने प्रयोग किया और बाहर किस-किस के पास फोन किया गया है। पुलिस ने जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर बंदी मोहन उर्फ मोनू के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।