जुलाना। कस्बे में सफाई का जिम्मा नगरपालिका प्रशासन के पास है, लेकिन वह इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जुलाना के वार्ड नंबर 11 में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण वार्ड के लोग परेशान हैं। नालियों का पानी ओवरफ्लो होने के कारण वह सड़क पर आ रहा है। इससे पैदल आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड नंबर 11 निवासी राजबीर, अमित, सोनू, होशियार, पंकज, सुनिल, सुमित ने बताया कि उनके वार्ड में नगरपालिका के सफाई कर्मचारी तो आते हैं, लेकिन सफाई की तरफ विशेष ध्यान नहीं देते हैं। नालियों की नियमित सफाई भी नहीं करते हैं। इसकी वजह से नालियां गंदगी से अट जाती हैं और उनका दूषित पानी सड़क पर फैल जाता हैं। मेन सड़क पर ज्यादा बुरा हाल तब होता हैं, जब घरों में पानी सप्लाई किया जाता है। उस समय भारी मात्रा में गंदा पानी गली में आ जाता हैं। वार्ड के लोगों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता हैं।
वार्ड के लोगों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की कि वार्ड में सफाई का विशेष ध्यान दिया जाएं और नियमित नालियों की सफाई करवाई जाए, ताकि उनको किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जुलाना में वार्ड नंबर 11 में ही नहीं, बल्कि अन्य वार्डों में भी सफाई का बुरा हाल हैं। अगर सफाई कर्मियों को कुछ कहा जाता हैं तो वह वार्ड के लोगों से उलझ जाते हैं। नगरपालिका प्रशासन को चाहिए कि सफाई व्यवस्था पर ध्यान दे, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। -सुभाष पांचाल, पूर्व पार्षद, जुलाना।