संवाद न्यूज एजेंसी
अलेवा। बिजली निगम नगूरां के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों के लोगोंं को अपने बिजली के बिलों को भरने के लिए गर्मी में धूप में खड़े होने को मजबूर होना पड़ रहा है। धूप से बचाव के लिए कोई पुख्ता प्रबंधक नहीं, जिससे बिजली उपभोक्ताओं में निगम अधिकारियों के खिलाफ रोष है।
बिजली निगम नगूरां में विभिन्न गांव से बिल भरने पहुंचे संदीप, चरण सिंह, विकास, काला, महावीर, रघुबीर, कुलबीर, सुशील, सत्यनारायण आदि ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को अपने बिजली बिल भरने के लिए पूरे दिन धूप में खड़ा होना पड़ता है। गर्मी के चलते कई बिजली उपभोक्ता बेहोश भी हो चुके हैं।
पहले निगम प्रशासन बिजली के बिलों को टिन के बने छप्पर के नीचे बैठकर भरवाता था, लेकिन अब गर्मी के सीजन में बिजली उपभोक्ताओं से एक अन्य बने कमरे के बाहर धूप में खड़े होकर बिजली बिलों काे भरवाने का काम कर रहा है। इसको लेकर निगम प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचित भी किया जा चुका है, लेकिन अभी तक भी निगम प्रशासन ने बिजली बिल भरवाने वाले कमरे को नहीं बदला है।
जल्द होगा समस्या का समाधान : एसडीओ
मामले को लेकर बिजली निगम नगूरां के कार्यकारी एसडीओ विकास मलिक ने बताया कि धूप में खड़ा होकर बिजली के बिल भरना ठीक नहीं है। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कमरे को बदलवाने का काम किया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।