11जेएनडी03: सड़क निर्माण को लेकर डाला गया रोड़ा। संवाद
उचाना। सेढ़ा माजरा के ग्रामीणों की उचाना कलां से सेढ़ा माजरा तक सड़क निर्माण की करीब 15 साल पुरानी मांग पूरी हुई है। यहां पर सड़क निर्माण का काम शुरू हो गया है। फसल सीजन में गड्ढों में तब्दील सड़क के चलते किसानों को खेड़ी मंसानिया से रजबाहा रोड होते हुए या उचाना कलां होते हुए उचाना मंडी आना-जाना पड़ रहा है। अब फसल के सीजन से पहले सड़क निर्माण होने से किसानों को भी फायदा होगा।
मार्केटिंग बोर्ड द्वारा बनाई गई सड़क का निर्माण अब पीडब्ल्यूडी द्वारा करवाया जा रहा है। सड़क निर्माण को लेकर रोडा डालने का काम पूरा हो चुका है। 12 फीट चौड़ी सड़क के निर्माण पर 90 लाख रुपये खर्च होंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण उनको उचाना मंडी जाने के लिए तीन से चार किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ता था। सड़क में गड्ढे इतने थे कि सड़क की जगह गड्ढे ही गड्ढे नजर आते थे। यहां पर दुपहिया वाहन चालकों का आवागमन भी मुश्किल हो रहा था। अब सड़क निर्माण होने से ग्रामीण बिना दूसरे गांव का चक्कर काटे सीधे उचाना मंडी जा सकेंगे। खेतों में आने-जाने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उचाना कलां तक जाने वाली सड़क में सड़क कम रह गई थी जबकि गड्ढे अधिक हो गए थे। करीब 15 साल पुरानी ये गांव की मांग है जो अब पूरी हुई है।
तेजी से हो रहा है काम
उचाना कलां से सेढ़ा माजरा तक 12 फीट की सड़क पर 90 लाख रुपये के आसपास की राशि खर्च होगी। इसका कार्य चल रहा है। दो महीने में सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
सोहन, जेई, पीडब्ल्यूडी।