कंडेला। गांव के राजकीय विद्यालय में लंबे समय से शौचालयों की कमी से जूझ रहे विद्यार्थियों को जल्द राहत मिलेगी। ब्लॉक समिति सदस्य गीता देवी ने अपने ब्लॉक समिति कोष से विद्यालय परिसर में नए एवं आधुनिक शौचालयों के निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई है। इससे विशेष रूप से छात्राओं और महिला स्टाफ को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विद्यालय में पर्याप्त और व्यवस्थित शौचालय नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर स्कूल स्टाफ ने कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया था। इसके बाद ब्लॉक समिति सदस्य गीता देवी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने कोष से निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दिलाई। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। शौचालय भवन की ईंटों की चिनाई और लैंटर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। परिसर में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालय ब्लॉक बनाए जा रहे हैं, ताकि स्वच्छता के साथ-साथ विद्यार्थियों की सुविधा और गोपनीयता भी सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने इस पहल की सराहना करते हुए ब्लॉक समिति सदस्य गीता देवी का आभार जताया। उनका कहना है कि शौचालय बनने से विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इससे विशेष रूप से छात्राओं की नियमित उपस्थिति और सुविधा में भी सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है।