जींद। शहर की सड़कों का निर्माण अब मार्केटिंग बोर्ड करेगा। कृषि विपणन बोर्ड जींद विधानसभा में गांव अहिरका से असंध रोड तक सड़क का निर्माण करेगा। जिसका टेंडर हो गया है। इस सडक़ के निर्माण पर 26.28 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
इसी तरह गांव अमरहेड़ी से नरवाना रोड तक की सडक़ निर्माण को लेकर टेंडर 17 अगस्त को लगाया जा चुका है। इस सड़क पर 31 लाख से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। जलालपुर कलां से जलालपुर खुर्द सडक़ का निर्माण 74 लाख 94 हजार रुपये की लागत से करवाया जाएगा। इस सड़क की ई-टेंडर प्रक्रिया को भी 17 अगस्त को पूरा कर लिया गया था। गांव निर्जन से लखमीरवाला सड़क का निर्माण भी करवाया जाएगा। जिस पर 26 लाख से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा गांव लोहचब-बरसाना की सडक़ को स्पेशल रिपेयर करवाया जाएगा। वहीं 36 लाख 64 हजार रुपये की लागत से दलमवाला से रायचंदवाला सडक़ की स्पेशल रिपेयर की जाएगी। गांव कैरखेड़ी से शुगर मिल की सड़क के स्पेशल रिपेयर का केस चीफ इंजीनियर को भेजा गया है। वहीं गांव दरियावाला से कोथ कलां गांव के सड़क स्पेशल रिपेयर का केस हेड ऑफिस भेजा गया है। जींद विधानसभा क्षेत्र के गांव मनोहरपुर में खरीद केंद्र के निर्माण के लिए लीज डीड करवा ली गई है।
अनाज मंडी की सड़कों और शेडों के लिए स्पेशल केस भेजा
जींद शहर की अनाज मंडी में अंदर की सड़कों की स्पेशल रिपेयर पार्किंग, खाली पड़ी जमीन पर पेवर ब्लॉक लगाना तथा शेडों के निर्माण के लिए भी स्पेशल केस विभागीय मंजूरी के लिए 12 अगस्त को ही मुख्यालय भेजा गया है। उम्मीद है कि इस को लेकर भी शीघ्र अनुमति मिल जाएगी। किसानों को तथा आम जनता को इन सभी सडक़ों का निर्माण होने पर भरपूर फायदा होगा।
‘विकास कार्यों को तय समय में पूरा करवाएं अधिकारी’
विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभी पंक्ति में अंतिम सिरे पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। जींद के विकास को लेकर भी सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। वो जींद की जनता की आवाज बन कर शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र की हर समस्याओं को दूर करवाने में लगे हैं। अधिकारियों को निर्देश हैं कि विकास कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और समय सीमा में हर कार्य को पूरा करवाएं।