05जेएनडी19-डीसी से बातचीत करते विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा। विज्ञप्ति
जींद। भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने शुक्रवार को बरसोला सब माइनर के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर शुक्रवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा से मुलाकात की और जल्द कार्य शुरू करवाए जाने के दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान गांव बरसोला के ग्रामीण भी मौजूद रहे और माइनर के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए सहमति भी जताई। इसके अलावा विधायक ने शहर में करवाए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी ली और मुख्यमंत्री मनोहरलाल द्वारा की गई घोषणाओं को तय समय में गुणवत्ता के साथ करवाए जाने की बात कही। विधायक ने कहा कि गांव बरसोला में सब माइनर बनाई जानी प्रस्तावित है। इस माइनर के बनने से गांव के लोगों व किसानों को बहुत फायदा होगा। माइनर निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहित की जानी है। इस कार्य को विभागीय कार्रवाई पूरी करते हुए जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए ताकि सब माइनर निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू हो सके।
डीसी ने विधायक को आश्वासन दिया कि जल्द ही भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चार दिसंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संत शिरोमणि सैन महाराज की जयंती पर लगभग 590 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया था। 388 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से जींद शहर के लिए पेयजल आपूर्ति परियोजना, तीन करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से जींद-जुलानी जाजनवाला सड़क की मरम्मत, तीन करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से जींद-सफीदों सड़क से जींद-रोहतक सड़क वाया जींद गोहाना सड़क क्रॉसिंग दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन सड़क की विशेष मरम्मत, पांच करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से कंडेला पुल से दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन पुल तक नहर के दोनों तरफ सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। साथ ही 46 लाख रुपये की लागत से पांडु द्वार का निर्माण, 81 लाख रुपये की लागत से जयंती देवी द्वार व अन्य परियोजनाएं शामिल थी।