विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा। संवाद
जींद, नरवाना। हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण के बाद विधायकों को अपनी बात रखने के लिए मिले समय में विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जमकर तारीफकी।
विधायक ने कहा नरवाना का पिछले पंद्रह वर्षों से विकास का पहिया ठप था, जिसे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रफ्तार दी है। अब लगभग आठ सौ करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य प्रगति पर हैं। इससे आज नरवाना हल्के के हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए लगभग सौ करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। नरवाना शहर की सीवरेज व्यवस्था के समाधान के लिए 136 करोड़ रुपये की राशि, इसी के साथ बिजली व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए लगभग नए छह बिजली सब स्टेशनों का निर्माण किया गया है। नरवाना की सड़कों, फिरनियों व गलियों का निर्माण भी पूरे जींद जिले में सर्वाधिक नरवाना में किया जा रहा है। इसी के साथ हर वर्ग जाति की चौपाल निर्माण के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लगभग 18 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा किसानों का ख्याल रखते हुए मुख्यमंत्री ने आगजनी से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा दिया। खालों का निर्माण हो रहा, खेतों में बरसाती पानी निकालने के लिए करोड़ों रुपये पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में कुल छह बड़ी डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कार्य किया जाना था, इसमें नरवाना में छह करोड़ एक लाख रुपये की लागत से लाइब्रेरी निर्माण प्रगति पर है।