पालवां गांव के पास साबुन फैक्ट्री जहां सीएम फ्लाइंग की टीम पहुंची।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद में उचाना क्षेत्र में सीएम फ्लाइंग दस्ते ने बुधवार को पालवां गांव के नजदीक एक साबुन फैक्टरी पर छापा मारा। इस दौरान साबुन बनाने में भट्ठियों का प्रयोग किया जा रहा था। इस पर प्रदूषण विभाग के अधिकारी ने विभाग द्वारा एनओसी न लिए जाने पर नोटिस जारी किया है।
दस्ते को सूचना मिली थी कि पालवां गांव के नजदीक फैक्टरी में साबुन निर्माण के दौरान भट्ठयिों का प्रयोग किया जा रहा है। जिसके चलते वातावरण प्रदूषित हो रहा है। सूचना के आधार पर फ्लाइंग के निरीक्षक रविंद्र के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया जिसमें सब इंस्पेक्टर पवन को शामिल किया गया। टीम में पॉल्यूशन विभाग के एईओ विपिन कुमार भी शामिल हुए।
छापामारी के दौरान दस्तावेज मांगे जाने पर फैक्टरी संचालक सुरेश ने दस्तावेज प्रस्तुत किए, लेकिन उनमें पॉल्यूशन विभाग से अनुमति नहीं ली हुई थी। जबकि फैक्टरी में साबुन बनाने के लिए तीन भट्ठियों का प्रयोग किया जा रहा था। फैक्टरी में 15 क्विंटल तैयार साबुन तथा 30 क्विंटल कच्ची साबुन सामग्री पाई गई। एनओसी न पाए जाने पर पॉल्यूशन विभाग ने फैक्टरी मालिक को नोटिस जारी किया है।
वहीं सीएम फ्लाइंग दस्ते के डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि छापामारी के दौरान फैक्टरी संचालक के पास पॉल्यूशन विभाग से एनओसी नहीं पाई गई, जबकि साबुन भट्ठियों से तैयार की जा रही थी। प्रदूषण विभाग ने फैक्टरी मालिक को नोटिस जारी किया है। आगामी कार्रवाई प्रदूषण विभाग द्वारा की जाएगी।