संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को ढाठरथ स्थित दुग्ध डेयरी और मावा भंडार पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने बदबू मार रहे 12 किलो देशी घी को नष्ट करवाया। डेयरी में सफाई और लाइसेंस न मिलने पर खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने संचालक को नोटिस जारी किया है। टीम ने घी तथा मावा के चार नमूने भरकर जांच के लिए लैब में भेजा है।
सीएम फ्लाइंग को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि गांव ढाठरथ में दुग्ध डेयरी में मावा तैयार किया जा रहा है। त्योहारों का सीजन होने के चलते गुणवत्ता हीन होने से नकारा नहीं जा सकता। इसके आधार पर सब इंस्पेक्टर पवन के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया, जिसमें सब इंसपेक्टर चरण सिंह तथा भगवान सिंह को भी शामिल किया गया। टीम में जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव भी स्टाफ के साथ शामिल हुए। टीम ने डेयरी पर दस्तक दी तो वहा पर संचालक दलीप मिला। जब टीम ने दुकान के पीछे बने गोदाम की जांच की तो वहा पर छह ड्रमों में 500 लीटर घी तथा 110 किलो मावा मिला। घी की जांच करने पर 12 किलो घी बदबूदार मिला, जिसे टीम ने तुरंत नष्ट करवा दिया। डेयरी तथा दुकान में साफ-सफाई भी नही पाई गई। इस पर टीम ने डेयरी संंचालक दलीप को नोटिस थमा दिया। टीम ने डेयरी से घी के दो तथा लाल और सफेद मावा के चार सैंपल भर कर जांच के लिए लैब भेज दिया। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद खाद्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वर्जन
डेयरी तथा मावा भंडार से चार सैंपल भरे गए हैं। 12 किलो बदबूदार घी को नष्ट करवा दिया है। विभाग की ओर से जारी लाइसेंस और सफाई न मिलने पर संचालक को नोटिस दिया गया है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-डॉ. गौरव, जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी।