मिठाई के गोदाम पर जांच करती सीएम फ्लाइंग की टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद में सीएम फ्लाइंग ने गांव बेलरखां बस अड्डा पर मिठाई के गोदाम पर छापा मारा। गोदाम में साफ सफाई की व्यवस्था चौपट थी तो चाशनी में मक्खियां मरी हुई पड़ी थी। इसके अलावा मावा पर मक्खियां मंडरा रही थी। दर्जनभर ड्रामों में रसगुल्ला भरा हुआ था तो टबों में गुलाब जामुन को रखा गया था। मिठाई बनाने में प्रयोग की जा रही भट्ठियों में घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग किया जा रहा था।
टीम ने मौके से 19 घरेलू गैस सिलिंडरों को कब्जे में लिया है। टीम ने लगभग एक क्विंटल चाशनी, 20 किलो मावा को नष्ट कर दिया। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने रसगुल्ला, गुलाब जामुन, खोया बर्फी तथा पतीशा के चार सैंपल भरे हैं। वहीं, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने घरेलू गैस सिलिंडरों को कब्जे में ले मिठाइयां बनाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि गांव बेलरखां बस अड्डा पर एक मिठाई भंडार पर मिठाई निर्माण के दौरान अनियमितता बरती जा रही है। कमर्शियल सिलिंडरों के स्थान पर घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग के निरीक्षक राजदीप के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
यह भी पढ़ें : Jind: राकेश टिकैत से नाराज हुए जींद के किसान, खटकड़ टोल धरना कमेटी ने लिया बड़ा फैसला
इसमें खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डॉ. भंवर सिंह तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक चंद्रभान को भी शामिल किया गया। टीम ने जब गोदाम पर छापा मारा तो जिस चाशनी में मिठाई को तैयार किया जा रहा था उसमें काफी संख्या में मक्खियां मरी हुई पड़ी थी। स्वच्छता का कोई ध्यान नहीं था, नजदीक ही मावा रखा हुआ था जिस पर मक्खियां मंडरा रही थी।
टीम ने मौके से 19 गैस सिलिंडरों को कब्जे में लिया। इसमें सात भरे हुए थे, तीन का प्रयोग किया जा रहा था, जबकि नौ सिलिंडर खाली थे। टीम ने लगभग एक क्विंटल चाशनी तथा 20 किलो मावा को नष्ट करवा दिया। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने तैयार मिठाई रसगुल्ला, गुलाब जामुन, खोया बर्फी, पतीशा के चार सैंपल भरकर लैबोरेटरी भेजे हैं। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद विभाग द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सिलिंडरों को कब्जे में ले मिष्ठान भंडार संचालक भूपसिंह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई की गई थी। लगभग एक क्विंटल चाशनी तथा 20 किलो मावा को नष्ट करवाया गया है। चार मिठाइयों के सैंपल भरे गए हैं, मिष्ठान भंडार पर घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग पाया गया। इस पर खाद्य एवं सुरक्षा विभाग तथा खादय एवं आपूर्ति विभाग द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-रविंद्र कुमार, डीएसपी, सीएम फ्लाइंग।