पुरानी मंडी में फड़ पर बिखरी गंदगी।
उचाना। सफाई का टेंडर खत्म होने के बाद मंडी में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल हो गया है। दुकानों के आगे, फड़ों पर गंदगी के ढेर लगे नजर आ रहे हैं। बेसहारा पशु गंदगी में मुंह मार कर पूरे फड़ पर उसे फैला रहे हैं, इससे बीमारी फैलने का डर दुकानदारों व आढ़तियों में बना हुआ है।
हैप्पी, सत्ता, वेदप्रकाश, सज्जन, प्रमोद, सज्जन जैन, राजेंद्र जिंदल, विकास बंसल ने कहा कि काफी दिनों से फड़ों पर गंदगी ही गंदगी नजर आ रही है। इससे आने-जाने वाले परेशान रहते हैं। मार्केट कमेटी हर साल लाखों रुपये फसल से मार्केट फीस के रूप में वसूल करती है, लेकिन सफाई को लेकर कोई ध्यान नहीं है। बारिश के बाद तो गंदगी से आने वाली बदबू से दुकानों में बैठना मुश्किल हो जाता है। कई बार सफाई व्यवस्था को बेहतर करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मंडी में विशेषकर सफाई व्यवस्था का पुख्ता प्रबंध होना चाहिए।
वहीं मार्केट कमेटी सचिव संदीप कासनिया ने कहा कि सफाई का टेंडर समाप्त हो गया है। अब दोबारा से सफाई को लेकर टेंडर लगाया गया है।