जींद। सर्दी की शुरुआत होते ही चोरों के हौंसले बुलंद होने लगे हैं। इसके चलते शहर के मकानों में एक सप्ताह में चोरों ने चोरी की वारदात देना शुरू कर दिया है। अब तक दस से ज्यादा चोरी की घटनाओं में शहर की कालोनियों से लगभग 40 लाख के जेवरात, आठ लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान चोर ले उड़े।
सेवा सुरक्षा सहयोग का नारा देने वाली पुलिस चोरी की इन घटनाओं को रोकने के लिए केवल अब तक एफआईआर दर्ज करने तक ही सीमित रही है, जबकि इन घटनाओं में से एक भी चोर को पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाई।
बुधवार को भी शहर की शीतलपुरी कालोनी में सुशील के मकान का ताला तोड़कर सोने की चेन, दो सोने की रिंग, सोने का लॉकेट, चांदी की गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति और 3.71 लाख की नकदी चोरी कर ले गए। वहीं ओमनगर में अमित के मकान का ताला तोड़कर सोने का लॉकेट, सोने की चेन, दो सोने की रिंग, सोने का टीका, चांदी की तागड़ी, चांदी के हथफूल, तीन चांदी के अन्य जेवरात चोरी कर लिए। सर्दी शुरू होने के साथ ही चोरों ने शहर के मकानों में अपनी कारीगरी से नकदी और जेवरात को ही सबसे ज्यादा निशाना बना रहे हैं। इसके अलावा कुछ अन्य स्थानों पर घरेलू सामान तो कहीं बाइक भी चोरी हुई है। सबसे ज्यादा चोरी की घटनाएं शहर थाना के अधीन आने वाली कालोनियों में हो रही हैं।
पिछले एक सप्ताह में दस से ज्यादा चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें सिविल लाइन थाना के दो तो शहर थाना के अधीन आने वाले क्षेत्र में आठ चोरी की एफआईआर दर्ज हुईं। जिनमें सिविल लाइन क्षेत्र में 22 नवंबर को दर्ज हुई शिकायत में जाट धर्मशाला के सामने मार्केट से जनरेटर की बैटरी व 26 को नए बस अड्डे से बाइक चोरी हुई है। इसके अलावा बीते सप्ताह में शहर थाना में सब्जी मंडी के नजदीक से पांच बैटरी, शीतलपुरी कालोनी से एक क्लिंटल गेहूं, गैस सिलिंडर, चार हजार रुपये की नकदी, अनाज मंडी से 47 बोरी धान, सेक्टर आठ से 15 तोले सोना, एक किलो 700 ग्राम चांदी व ढाई लाख रुपये की नकदी, सेक्टर सात में मकान का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये की नकदी को चोर ले उड़े।
नहीं हो रहे मामले ट्रैस
लगातार बढ़ रही चोरी को लेकर या तो शहर की पुलिस गंभीर नहीं है या फिर चोर ज्यादा अलर्ट हैं। जिसके चलते लगातार चोरी की वारदातों की संख्या तो बढ़ रही है, लेकिन कोई भी मामला पुलिस ट्रैस नहीं कर पा रही। इससे लोगों का भरोसा पुलिस प्रशासन से उठ रहा है। दिन हो या रात किसी भी समय शहर के मकान सुरक्षित नहीं हैं।
डायल 112 व राइडर्स घूमते हैं रातभर, नहीं हो रही सुरक्षा
शहर की कालोनियों में आपराधिक वारदात को रोकने के लिए पुलिस की डायल 112 व राइडर्स गस्त पर भी रहती है, लेकिन घरों में नकदी व जेवरात की सुरक्षा नहीं हो रही। हर रात चोर लाखों रुपये की चोरी कर रहे हैं। इससे घरों में लोगों को डर बना रहता है। कई घटना सीसीटीवी में कैद होने के बाद भी पुलिस ट्रैस नहीं कर पा रही है।
चोरी को रोकने के लिए बढ़ाई रात्रि गश्त, अब चोरों पर रहेगी पैनी नजर
शहर में चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने रात्रि गश्त को बढ़ाया है, ताकि शहर में चोरी के अलावा भी अन्य हर तरह की आपराधिक वारदातों पर रोक लगाई जा सके। सायं सात बजे ही सभी नाकों पर पुलिस तैनात होगी। जो रातभर संदिग्ध लोगों व आपराधिक किस्म के लोगों पर नजर रखेगी। इसके अलावा शहर में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस मामलों को ट्रैस कर रही है, ताकि जल्द ही चोरी की वारदात देने वाले आपराधिक लोगों को पकड़ा जा सके।
सुमित कुमार एसपी जींद।
30जेएनडी19: शीतलपुरी कालोनी में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद।
30जेएनडी19: शीतलपुरी कालोनी में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद।