जींद। लंबित मांगों को लेकर सीटू कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय के बाहर सोमवार को पांचवें दिन भी धरना सुरेश करसोला की अध्यक्षता में जारी रखा। वक्ताओं ने कहा कि 16 फरवरी को मजदूर व स्कीम वर्करों ने विरोध प्रदर्शन किया था। एसडीएम ने जिला प्रशासन के साथ बैठक करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई बैठक नहीं हुई। इससे मजदूरों में रोष बढ रहा है।
मनरेगा मेट अशोक रूपगढ़ ने बताया किउन्होंने कहा कि जिले के भवन निर्माण के मजदूर अपने काम की की तसदीक करवाने के लिए भटकने को मजबूर बने हुए हैं। पिछले दो महीनों से श्रम कल्याण बोर्ड के कार्यालय में कोई अधिकारी नहीं आ रहा। इस कारण निर्माण मजदूरों की वर्क स्लिप तसदीक नहीं हो रही और यह लाभ से वंचित हो रहे हैं। निर्माण मजदूरों को 5-5 साल से कन्यादान राशि नहीं मिल रही। हरियाणा सरकार द्वारा लागू की गई फैमिली आईडी के कारण लोग धक्के खाने को मजबूर हैं। इन फैमिली आईडी में अनेकों तरह की खामियां हैं। जिनको दूर करवाने के लिए में भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सभी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।