05जेएनडी43: वीसी में भाग लेते हुए एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ व अन्य अधिकारी। स्रोत प्रशासन
जींद। हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने शुक्रवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीसी के माध्यम से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जिला और उप मंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री स्वयं भी इन शिविरों की समीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में अधिकारी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न बरतें।
मुख्य सचिव ने कहा कि समाधान शिविर लोगों की सुविधा के लिए शुरू किए गए हैं। शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों के सामने मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र में त्रुटियां ठीक करने, पेंशन योजनाओं का लाभ लेने, प्रॉपर्टी आईडी दुरुस्त करना, श्रम कार्ड बनवाने आदि में आ रही दिक्कतों को दूर करना है। इस दौरान एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ ने मुख्य सचिव को बताया कि जिले में 11 जून से 4 जुलाई तक 4482 लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए हैं। जिला प्रशासन ने प्रार्थियों की दी गई शिकायतों का मौके पर ही संज्ञान लेकर समाधान किया है। शेष समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को दे दिया जाता है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि आय से संबंधित मामलों में जल्द औपचारिकताएं पूरी कर लोगों की दिक्कतों का समाधान करें। इसी प्रकार से पीपीपी में परिवार के सदस्यों को जोड़ने, नाम दुरुस्त करवाने की समस्याओं का भी हरसंभव समाधान करें। इस अवसर पर जींद के एसडीएम राकेश सैनी, सफीदों के एसडीएम मनीष फोगाट, उचाना के एसडीएम गुलजार मलिक और जुलाना के एसडीएम अजय कुमार मौजूद थे।
05जेएनडी43: वीसी में भाग लेते हुए एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ व अन्य अधिकारी। स्रोत प्रशासन