जींद। अमेरिका भेजने का झांसा देकर खांडा गांव निवासी युवक से 37.50 लाख रुपये ठगने पर अलेवा थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में खांडा निवासी महिला ज्योति ने बताया कि उनके पति प्रदीप अमेरिका जाना चाहते थे। इसके लिए उसने गांव के ही रोशन लाल के साथ अक्तूबर 2023 में इसको लेकर बातचीत की थी। रोशनलाल ने करनाल के सिद्धपुरा निवासी अरुण, वेदप्रकाश, वेदप्रकाश की पत्नी व बुटाना निवासी अमित के साथ मिलकर 40 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की बात तय की। इसके लिए साढ़े 10 लाख रुपये एडवांस भी लिए। इसके बाद अलग-अलग से पति से साढ़े 37 लाख रुपये लेकर अमेरिका भेजने के लिए गए, लेकिन आरोपियों ने उसके पति को अमेरिका के बजाय दुबई भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पति के साथ मोबाइल पर बात करने के बाद उनसने बताया कि आरोपियों ने साजिश के तहत अमेरिका के बजाय उसे दुबई में रखा हुआ है। लोगों से पति को दुबई से वापस घर लाने की बात करने पर और रुपये मांग रहे हैं। अगर रुपये नहीं दिए तो उसके पति को दुबई में ही जान से मरवाने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।