जींद। शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर दो युवकों से साढ़े दस लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में शीतलपुरी कॉलोनी निवासी पवन कुमार ने बताया कि वह भारतीय सेना में कार्यरत हैं। वह व उसका साथी सेक्टर-9 निवासी दीपक दोनों मिलकर शेयर मार्केट का काम करते थे। दस मई को उसके पास एक नंबर से फोन आया, जिसने कहा कि वह ग्लोबल ट्रेडिंग कंपनी से बोल रहा है और उसकी कंपनी के प्लान के बारे में बताया। कहा कि यदि आप आठ लाख रुपये निवेश करोगे तो आपको एक साल मे 40 लाख का फायदा देगा। उसके कहे अनुसार उसने 15 मई को 6100 रुपये में कंपनी में काम करने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया और इसके बाद उन्होंने कंपनी का सर्विस इंवेस्टमेंट प्लान भेजा।
कंपनी की ओर से उनका ट्रेडिंग डीमैट अकाउंट व पासवर्ड शेयर मार्केट चलाने के लिए दिया। 30 मई को उसने 74 हजार रुपये व उसके दोस्त दीपक ने 50 हजार रुपये व 31 मई को 46 हजार रुपये भेज दिए। अलग-अलग तारीखों में दस मई से लेकर एक जुलाई तक उसने तथा उसके दोस्त दीपक से कुल साढ़े दस लाख रुपये ग्लोबल ट्रेडिंग नामक कंपनी में लगवाए गए। कुछ समय बाद जिन नंबरों पर ट्रांजेक्शन की गई थी, वह बंद आने लगे। ऐसे में उन्हें आभास हुआ कि उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है।
जांच अधिकारी एसआई हरजिंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि ऐंठने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।