जींद। हाईवे पर चढ़ने के लिए चाबरी-भिड़ताना को रास्ता मिल गया, अब इन गांवों में सियासत शुरू हो गई है। पंच व सरपंचों के पिछले वर्ष हुए आम चुनाव के दौरान गांवों में चुनावों का बहिष्कार किया गया था। अब हरियाणा चुनाव आयोग ने इन गांवाें चाबरी, भिड़ताना व रोजखेड़ा में सरपंच व पंचों के चुनाव के लिए तिथि घोषित कर दी है। इसके अनुसार 28 से तीन जुलाई तक पंचों व सरपंचों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। चार अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी, पांच अगस्त को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। पांच अगस्त शाम को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और 13 अगस्त को मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी है।
नवंबर 2022 में पंच व सरपंचों के लिए हुए आम चुनाव के समय चाबरी व भिड़ताना गांवाें के लोगाें ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया था। दोनों गांवों में किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था। चाबरी और भिड़ताना गांव के लोग जींद-सोनीपत ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे पर चढ़ने के लिए गांव से रास्ता मांग रहे थे, जिसके लिए उन्होंने धरना शुरू किया था। ग्रामीणों ने कहा था कि जब तक उनको रास्ता नहीं मिल जाता तब तक वह गांव में चुनाव नहीं होने देंगे। वहीं गांव रोजखेड़ा में सरपंच के लिए एससी रिजर्व कैटेगरी में रिजर्व कर दिया गया, जबकि गांव में एससी आबादी नहीं के बराबर है। इस कारण गांव में भी किसी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था।
चाबरी निवासी सुखचैन राणा ने बताया कि उन्होंने लगभग छह महीने तक धरना दिया। इसके बाद उनको रास्ता मिलने का आश्वासन मिला। फिलहाल रास्ते के लिए कंकरीट डाल दी गई है, उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनको रास्ता मिल जाएगा। अब वह लोग चुनाव प्रक्रिया में भाग लेंगे। चाबरी व भिड़ताना दोनों गांवों में सरपंचों के अलावा 17 पंचों के लिए भी चुनाव होगा।
पूरे जिले में अकेला गांव बचेगा फरैण खुर्द
13 अगस्त को चाबरी, भिड़ताना व रोजखेड़ा में चुनाव होंगे। अब पूरे जिले में केवल फरैण खुर्द गांव ऐसा बचेगा, जहां पर अब तक सरपंच का चुनाव नहीं हुआ है। नौ जुलाई को फरैण खुर्द में चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। इसमें सरपंच का पद अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित किया गया था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया था, क्योंकि गांव में एक भी एससी वोट नहीं है। इससे पहले नवंबर 2022 में भी इस गांव को एससी के लिए आरक्षित कर दिया गया था। इसी कारण गांव में अब तक चुनाव नहीं हुए हैं।
कोट
चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है। 13 अगस्त को तीनों गांवों में सरपंच व पंचों के लिए मतदान होगा। प्रशासन ने अपनी तैयारियां कर ली है। तीनों गांवों में निष्पक्ष व शांतिपूर्वक चुनाव करवाया जाएगा।
डॉ. मनोज कुमार, डीसी