संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। लोधर गांव में दो भाइयों ने लाठी और डंडों से हमला कर चाचा-भतीजे को घायल कर लिया। उचाना थाना पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
लोधर निवासी सतबीर ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। शनिवार को उसके भतीजे राजेश की अपनी पत्नी निशा के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद राजेश उसकी पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। मारपीट से बचने के लिए राजेश की पत्नी निशा उनके घर पर आ गई। उसके पीछे राजेश भी वहीं पर आ गया और वहां पर भी निशा के साथ मारपीट तथा गाली गलौज करने लगा। इस पर उसने और उसके बेटे महीपाल ने राजेश से कहा कि उनके घर में मारपीट नहीं करने देंगे। इस पर राजेश उस समय तो वहां से चला गया लेकिन कुछ देर बाद ही राजेश और उसका भाई शैलेंद्र उसके घर आए और आते ही महीपाल के सिर पर लाठी से वार कर दिया। उसके भाई बलवान सिंह ने बीच बचाव कर छुड़वाने की कोशिश की तो शैलेंद्र ने बलवान के भी सिर पर लाठी से वार कर उसे घायल कर दिया। बाद में दूसरे लोगों के आते देख राजेश और शैलेंद्र वहां से भाग गए लेकिन जाते समय जान से मारने की धमकी देकर गए। उनके जाने के बाद महीपाल और बलवान को नागरिक अस्पताल में लेकर गए जहां से उन्हें नागरिक अस्पताल जींद भेज दिया। उचाना थाना पुलिस ने राजेश और शैलेंद्र के खिलाफ मारपीट करने तथा धमकी देने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।