जींद। दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर जुलानी गांव के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने के मामले में राजकीय रेलवे पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कैरखेड़ी गांव निवासी महिला संतरो ने राजकीय रेलवे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके 23 वर्षीय बेटे विनोद ने गांव के ही साहिल के साथ मिलकर नरवाना रोड पर एक होटल किराये पर लिया हुआ था। 27 नवंबर को विनोद उर्फ मोदी ने उसे बताया था कि उन्होंने होटल मालिक को ढाई लाख रुपये दिए हुए हैं। हर महीने का किराया 50 हजार रुपये तय हुआ था। अब होटल मालिक उनसे एक लाख हर महीने मांग रहा है। होटल में इतनी कमाई नहीं है, जिससे उसको घर से किराया देना पड़ेगा। यदि वह होटल छोड़ते हैं तो वह उनके ढाई लाख रुपये नहीं देगा। उन्होंने कई बार उनसे प्रार्थना की लेकिन उन्हें समय पर किराया नहीं देने पर धमकी देता है। 28 नवंबर को उसके बेटे विनोद ने होटल मालिक से परेशान होकर जुलानी गांव के पास ट्रे के आगे कूदकर जान दे दी। उसकी जेब से एक पर्ची मिली थी, जिसमें उसने आरोप लगाया कि दो महिलाओं ने भी उसको आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया है। जांच अधिकारी थाना प्रभारी भगवान दास ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित एक अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने व एससी एसटी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।