जुलाना। नेशनल हाईवे 152-डी पर पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने के आरोप में जुलाना थाना पुलिस ने कार सवार दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन युवक एक कार में सवार होकर मादक पदार्थ के साथ किलाजफरगढ़ के पास एनएच 152-डी से जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि पंजाब के समाना निवासी कर्णदीप उर्फ कर्मा चीमा, सतनाम तथा कांगथली, पंजाब निवासी अमरेंद्र मादक पदार्थ बेचने का कारोबार करते हैं, जो राजस्थान में समारियां कलां से नशीला पदार्थ लेकर किलाजफरगढ़ टोल से उतरकर पंजाब की तरफ आ रहे हैं। इस गाड़ी की अगवानी सतनाम सिंह व अमरेंद्र सिंह दूसरी गाड़ी से कर रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर गाड़ी को रुकवा लिया, जिसमें सतनाम सिंह व अमरेंद्र सिंह बैठे थे। कुछ समय के बाद दूसरी गाड़ी वहां पर पहुंची और टोल क्रॉस करके रुक गई। जब पुलिस कर्मियों ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो एक बार तो चालक ने गाड़ी को रोक लिया, लेकिन जब गाड़ी चेक करने के लिए कहा तो चालक ने सामने खड़े पुलिस कर्मियों को जान से मारने कि नियत से गाड़ी को तेज रफ्तार से चला दिया। इस दौरान कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने कि कोशिश करके चालक कार को लेकर मौका से फरार हो गया। कार को कर्णदीप उर्फ कर्मा चीमा चला रहा था। जुलाना थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ दूसरे के जीवन को खतरा पहुंचाने, मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।