जींद। जिले में धान के अवशेष जलाने पर दो दिन में 19 किसानों के खिलाफ कृषि विभाग ने संबंधित थानों में मामले दर्ज करवाए हैं। सोमवार को कृषि विभाग की तरफ से 12 किसानों के खिलाफ अलग-अलग तीन थानों में मामले दर्ज करवाए गए। इनमें उचाना में 3, गढ़ी में 6, जींद में दो नामजद के अलावा दो अन्य के खिलाफ मामले दर्ज करवाए गए हैं। इससे पहले रविवार को अलेवा खंड के सात किसानों के खिलाफ धान अवशेष जलाने पर मामले दर्ज हुए थे।
कृषि विभाग के डीडीए गिरीश नागपाल ने बताया कि धान के अवशेष जलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, मगर किसान इससे बाज नहीं आ रहे हैं। सोमवार को गढ़ी थाना में 6, उचाना में तीन व नरवाना सदर थाना क्षेत्र में तीन किसानों की शिकायत धान अवशेष जलाने की दी गई है। अगर भविष्य में खेतों में धान के अवशेष जलाने की लोकेशन मिली तो किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को ढाबी टेक सिंह निवासी किसान हरिपाल, धमतान साहिब निवासी अमरीक, रसींदा निवासी शमशेर, पिपलथा निवासी सिमरन सिंह व सुरेंद्र व एक अन्य के खिलाफ गढ़ी थाना नरवाना, उचाना थाना में मखंड निवासी संदीप, उचाना खुर्द निवासी कृष्ण, सुरबरा गांव में प्रवीन, सदर थाना जींद में कंडेेला निवासी मनोज, दनौदा खुर्द निवासी रामकुमार व एक अन्य के खिलाफ धान के अवशेष जलाने पर मामले दर्ज किए गए हैं।