जींद। बड़ौदी गांव के पास नहरी जल आधारित जलघर बनाने के लिए खरीदी गई जमीन पर कब्जा करने, पोल उखाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने गांव के ही प्रदीप, सुनील और कर्मवीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कर्मवीर सिंह ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि विभाग ने बड़ौदी के पास नहरी जल आधारित जलघर बनाने के लिए ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से 36 कनाल 4 मरले जमीन खरीदी थी। विभागीय ठेकेदार चारदीवारी के लिए पोल खड़े करने और तार खींचने का काम शुरू कर दिया लेकिन गांव के ही प्रदीप, सुनील और कर्मवीर ने वहां जमीन पर कब्जा कर लिया और वहां पोल भी उखाड़ दिए। उन्होंने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।