जींद। पत्नी के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शहर के जोगिंद्र नगर निवासी महिला पूनम ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी जोगेंद्र नगर निवासी संदीप के साथ करीब 15 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही वह शराब पीने लगा और उसके साथ गाली-गलौच कर मारपीट करने लगा। वह घर का खर्च भी नहीं देता है। वह खुद मेहनत-मजदूरी कर अपने तीनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। फरवरी महीने में भी उसके पति ने सिर पर गंभीर चोट मारी थी। अब फिर उसके साथ मारपीट की है। उन्होंने शिकायत में कहा कि उसके पति के साथ एक साल से तलाक का केस चल रहा है। जांच अधिकारी एचसी सुमन रानी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी व्यक्ति संदीप के खिलाफ मारपीट करने, गाली-गलौच करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।