रोहतक से नाबालिग किशोरी को सफीदों लाकर जबरदस्ती शादी करने पर पुलिस ने उसके पिता व पति के मामला दर्ज किया है। लड़की ने खुद शादी से नाराज होकर अपने पिता व पति के खिलाफ सफीदों शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। जिसके बाद पुलिस ने जांच की तो लड़की की आयु साढ़े 17 वर्ष मिली और उसने परिजनों पर जबरदस्ती शादी करने का आरोप लगाया।
सफीदों शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में रोहतक की राजेंद्रा कॉलोनी की किशोरी ने बताया कि उसके परिवार के लोगों ने 15 दिन पहले ही उसको सफीदों में लाकर उसकी गांव सरनाखेड़ी निवासी युवक अंकित के साथ शादी करवाई थी। उसने बताया कि वह पढ़ना चाहती थी लेकिन उसके परिवार के लोग नहीं माने और उसको सफीदों में लाकर उसकी शादी कर दी। किशोरी ने बताया की जाट धर्मशाला में आयोजित शादी समारोह में बारात आने से पहले व बाद में भी उसने शादी से अपने पिता को मना किया लेकिन परिवार के लोगों ने इज्जत का डर दिखाकर उसकी शादी करवा दी लेकिन वह अपनी शादी से खुशी नहीं है। शादी के बाद मौका पाकर पुलिस ने इसके बारे में सूचना दी तो पुलिस ने किशोरी के दस्तावेजों की जांच की जिसमें किशोरी की आयु साढ़े 17 वर्ष मिली। सफीदों शहर थाना पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर उसके पिता मनोज व पति सरनाखेड़ी निवासी अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।