जींद। नरवाना के गांव गढ़ी के पास लिफ्ट के बहाने मारपीट कर गाड़ी छीनने के चौथे आरोपी को सीआईए जींद ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हिसार जिला के गांव सिसाय निवासी प्रदीप उर्फ मास के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का पिस्तौल और तीन कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस ने सोमवार को उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। इससे पहले सीआईए की टीम इस मामले में मुख्य आरोपी रविंद्र उर्फ राणा, पम्मी, जतिन और असलहा उपलब्ध कराने के आरोपी विशाल निवासी किरठल जिला बागपत उत्तर प्रदेश को काबू कर चुकी है। इस वारदात को अंजाम देने में प्रदीप उर्फ मास भी शामिल था।
जींद के गांव नेपेवाला निवासी सुरेंद्र ने गढ़ी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 20 दिसंबर को वह अपनी गाड़ी में गांव जा रहा था। गढ़ी गांव के पास एक युवक से लिफ्ट लेने के बहाने गाड़ी रुकवाई और फिर दो अन्य युवक भी गाड़ी में बैठ गए। थोड़ी ही दूर चलते ही तीनों ने उसके साथ मारपीट की और फिर उसकी गाड़ी, मोबाइल फोन, रुपये, एटीएम कार्ड और गाड़ी की आरसी निकाल ली। इसके बाद वे जान से मारने की धमकी देकर उसे नहर की पटरी गांव गुरथली रोड पुल के पास उतारकर फरार हो गए थे।
युवक से गाड़ी समेत मोबाइल फोन, रुपये और अन्य सामान छीनने के मामले में चौथे आरोपी हिसार जिला के गांव सिसाय निवासी प्रदीप उर्फ मास को गगन खेड़ी गांव से काबू किया है। उसके कब्जे से 315 बोर का पिस्तौल और तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
- अनूप सिंह, इंचार्ज, सीआईए जींद