सफीदों। सफीदों-जींद मार्ग पर स्थित गांव जयपुर बस स्टैंड के समीप एक रोडवेज बस और कार की टक्कर हो गई। इस टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में कार में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई।
बुधवार को रोडवेज की एक बस सफीदों से जींद की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस जयपुर बस स्टैंड के पास पहुंची तो बस ने बस स्टैंड से कुछ आगे ब्रेक लगाए तो पीछे से आ रही एक कार ने उसके पीछे टक्कर दे मारी। इस घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के काफी लोग मौके पर पहुंच गए और कार सवार घायलों को सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहीं बस में सवार किसी सवारी को कोई चोट नहीं आई है। बस में सवार सवारियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। बस चालक संदीप का कहना था कि बस जैसे ही जयपुर बस स्टैंड पर पहुंची तो सवारियों ने यहां पर उतरने के लिए कहा, जिस पर उन्होंने बस को यहां पर रोका तो पीछे से आ रही एक कार ने बस के पीछे ठोक दिया। कार चालक का ध्यान में पूरी तरह से कार चलाने पर नहीं था जिसके कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया। वहीं कार सवार विष्णु निवासी गांव खेड़ाखेड़ी का आरोप था कि वे सामान्य तौर पर सडक़ पर चल रहे थे कि रोडवेज बस ने एकदम से ब्रेक लगा दिए, इसके कारण यह हादसा हो गया। बस चालक ने बस को गांव के बस स्टैंड पर रोकने के बजाए काफी आगे चलकर एकदम से बस को रोक दिया। इस सारे मामले के पीछे रोडवेज ड्राइवर की लापरवाही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।