03जेएनडी18: शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी। स्रोत : सीआरएसयू
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग में बीपीएड और एमपीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए दो दिवसीय शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया। 2 जुलाई को पुरुष और 3 जुलाई को महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 267 अभ्यर्थियों ने भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। विभाग के अनुसार दोनों पाठ्यक्रमों के लिए कुल 333 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें बीपीएड के 140 और एमपीएड के 193 आवेदन शामिल हैं। परीक्षा में बीपीएड के 93 तथा एमपीएड के 174 में से 164 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 75 मीटर का विशेष शारीरिक दक्षता सर्किट निर्धारित किया गया था, जिसे 33 सेकंड के भीतर पूरा करना अनिवार्य था। वहीं महिला अभ्यर्थियों को 35 सेकंड के भीतर निर्धारित सर्किट पूरा करना था। सर्किट में लंबी कूद, रिवर जंप, वॉल्टिंग हॉर्स, फ्रंट रोल, बाधा पार करना तथा दोनों हाथों में पांच-पांच किलोग्राम की बाल्टियां लेकर दौड़ जैसी गतिविधियां शामिल थीं। इन गतिविधियों के माध्यम से अभ्यर्थियों की शारीरिक शक्ति, संतुलन, गति, फुर्ती और सहनशक्ति का आकलन किया गया। इस अवसर पर प्रो. कुलदीप नारा, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. प्रवीन गहलावत, डॉ. प्रवीन, डॉ. सुनीति, डॉ. रोहित, डॉ. अतुल सहारण और डॉ. नवीन कुमार ने अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया।