जींद। शहर में कई स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मर व तार हादसों को बुलावा दे रहे हैं। स्थिति यह है कि कोई या पशु इनसे टकराकर करंट की चपेट में आ सकता है। बिजली निगम ने एक ट्रांसफार्मर से ऐसी जगह लगा दिया, जिससे पूरी गली ही ब्लॉक हो गई है। निगम अभी तक केवल लोगों की शिकायतों का इंतजार कर रहा है।
शहर की सड़कों के साथ-साथ बिजली निगम द्वारा रखे ट्रांसफार्मरों की हालत भी ठीक नहीं है। कई स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मर इतने नीचे रखे हैं कि कोई भी व्यक्ति इनसे आसानी से टकरा सकता है तथा बच्चे भी इनको छू सकते हैं। इससे हमेशा लोगों को हादसों का डर बना रहता है। हालांकि बिजली निगम अधिकारी कहते हैं कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है लेकिन सफीदों गेट निवासियों का कहना है कि उन्होंने चार-पांच बार शिकायत की लेकिन इसका समाधान नहीं हो पाया। रामराय गेट पर भी एक ट्रांसफार्मर के फ्यूज इतने नीचे हैं कि दो महीने पहले एक पशु ने फ्यूज को मुंह लगा दिया, जिससे उसकी करंट लगने से मौत हो गई। यह सभी ट्रांसफार्मर या तो गलियों में हैं या फिर सड़क किनारे हैं। इन ट्रांसफार्मर की सुध लेने वाला कोई नहीं है। लोगों की सबसे बड़ी समस्या है कि उनके बच्चे गलियों में खेलते रहते हैं, जिस कारण उनको हमेशा डर लगा रहता है।
ट्रांसफार्मर लगाकर गली ही कर दी ब्लॉक
सफीदों गेट पर माता के मंदिर के पास गली के बीच में बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर लगा दिया। यह ट्रांसफार्मर बिल्कुल जमीन पर रखा हुआ है। इस ट्रांसफार्मर के कारण गली ही बंद हो गई। काफी समय पहले लोगों ने गली खोलने के लिए आवाज उठाई लेकिन आज तक इसका कोई समाधान नहीं हुआ है। गली बंद होने के कारण अब यह कूड़ादान बन चुकी है।
कई बार दी जा चुकी है शिकायत
जींद विकास संगठन के प्रधान एवं समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा कि कई जगह तो ट्रांसफार्मर इतने नीचे रखे गए हैं कि उनसे बच्चों के हाथ छू सकते हैं। काठमंडी में इसी प्रकार करंट लगने से जलालपुर कलां निवासी बलवंत का घोड़ा मर गया था। बलवंत ने बिजली निगम को शिकायत की थी लेकिन पांच वर्ष क्लेम का इंतजार करते-करते बलवंत की भी मौत हो गई। निगम को इन ट्रांसफार्मरों को चारों तरफ दीवार निकालनी चाहिए या फिर इनको ऊंचा उठाया जाना चाहिए।
शहर में दो-तीन ट्रांसफार्मर ही काफी नीचे रखे हैं। यह ट्रांसफार्मर बहुत बड़े हैं, इसलिए इनको ऊंचाई पर लगाया जाना भी खतरनाक है। जिन ट्रांसफार्मरों से लोगों को परेशानी हो सकती है, उनके चारों तरफ दीवार निकाल दी जाएगी ताकि कोई हादसा नहीं हो। वैसे अभी तक किसी की शिकायत नहीं आई है।
-केडी बंसल, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम।
सफीदों गेट पर एक गली को ब्लॉक किए खड़ा ट्रांसफार्मर। संवाद।- फोटो : Jind