संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में शनिवार को हुई बारिश से फसलों को फायदा हुआ और लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन बिजली की गड़बड़ी से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। केबल में बारिश का पानी घुसने से रात में शहर के 15 स्थानों पर केबल जल गए और दस कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई। इससे सारी रात लोगों परेशानियां झेलनी पड़ीं। बिजली कर्मियों की मशक्कत के बाद कहीं रविवार की सुबह तो कहीं दोपहर बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
बारिश के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने के कारण निगम कार्यालय में 520 बिजली ने शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें 220 शिकायतें ऑफलाइन दर्ज हुईं जबकि 300 उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। बिजली गुल होने से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को काफी परेशानी हुई। उन्हें पूरी रात उमस भरी गर्मी और मच्छरों के प्रकोप से परेशान होना पड़ा। शहर की शिव कॉलोनी, हकीकत नगर, एसबीआई एरिया, श्याम नगर, पटियाला चौक, राजनगर, ओमनगर, एकता नगर, पालिका बाजार, रामराय गेट, वाल्मीकि मोहल्ला में शनिवार शाम को ही बिजली गुल हो गई थी। बिजली गुल होने के कारण बारिश का पानी केबल में पानी घुसना था। बारिश के पानी के कारण शॉर्ट सर्किट होने से केबल में आग लग गई। इसकी वजह से शहर की दस कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई। हालांकि शहरवासियों ने बिजली निगम सर्कल में शिकायत भी दर्ज करवा दी थी। शिकायतों के समाधान को लेकर बिजली कर्मचारियों को मौके पर भी भेजा गया था, लेकिन अधिकतर जगह समाधान नहीं हो पाया। ऐसे में बिजली कर्मचारी रविवार सुबह पहुंचे और बिजली सप्लाई को बहाल किया।
शिव काॅलोनी में दोपहर में बिजली हुई बहाल
शहर के पुराने बस अड्डे के लगते शिव काॅलोनी में शनिवार शाम को जैसे ही बिजली आई तो वहां केबल में तेज आवाज के साथ आग लग गई। उपभोक्ताओं ने तुरंत निगम सर्कल को सूचना दी। इसके बाद बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। हालांकि काफी देर मशक्कत करने के बाद भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। फिर कर्मचारी लौट गए और सप्लाई बहाल करने रविवार सुबह पहुंचे। बिजली सप्लाई दोपहर तक बहाल हो पाई। इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।
बॉक्स
हांसी रोड और हकीकत नगर में हादसा टला
शहर के हांसी रोड स्थित ट्रीटमेंट प्लांट और हकीकत नगर में एसबीआई के पास शनिवार की रात केबल जलने की घटना हुई। इन दोनों जगह पर देर तक केबल जलता रहा। वहीं पास में खड़ी कार भी आग की चपेट में आने से बच गई। लोगों की सतर्कता से कार वहां से हटाई गई। बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ट्रांसफार्मर से लाइन काट दी और आग को बुझाया। रात को केबल नहीं बदली गई, जिससे रात को बिजली बहाल नहीं हो पाई। अगले दिन केबल बदलने का कार्य हुआ और फिर बिजली सप्लाई को बहाल किया गया।
वर्जन
बारिश के कारण शहर में कई जगह केबल में पानी घुस गया था, जिसके कारण शॉर्ट सर्किट हो गया और केबल जलने से बिजली गुल हो गई। रात से ही कर्मचारी बिजली बहाल करने में लगे हुए थे और अगले दिन सुबह तक शहर की बिजली बहाल हो गई थी।-प्रमोद कुमार, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम जींद