17जेएनडी07: हाइवे स्थित अतिरिक्त मंडी। संवाद
उचाना। हाईवे पर स्थित अतिरिक्त मंडी में दुकानों के लिए काटे गए प्लॉटों को बेचने के लिए मार्केटिंग बोर्ड अब तक कई बार ऑनलाइन बोली लगा चुका है, मगर अभी तक एक ही प्लॉट बिक सका है।
बोली लगाने वालों ने कहा कि मार्केटिंग बोर्ड ने प्लॉट के रेट ज्यादा रखे हैं। जब तक रेट कम नहीं होंगे तब तक वे कम बिक पांएगे। 28 जून को भी मार्केटिंग बोर्ड तीन ग्रुप में प्लॉटों की ऑनलाइन बोली कर रहा है। ग्रुप-1 में प्लॉट नंबर 28, 29, 30, ग्रुप-2 में प्लॉट नंबर 31, 32, 33 एवं ग्रुप-3 में 35, 36, 37 प्लॉट की बोली होगी।
अतिरिक्त मंडी करीब चार साल पहले शुरू हुई है। यहां पर गेहूं के सीजन में आढ़ती गेहूं उतारते हैं और धान के सीजन में पीआर धान की बोली लगाई जाती है। आढ़त की दुकान करने वाले यहां प्लॉट लेना चाहते है, लेकिन उनकी कीमत काफी ज्यादा रखी गई है। जिन प्लॉटों की बोली की जाएगी उनका साइज 15 गुणा 37 का है। यहां पर प्लॉट लेकर दुकान का निर्माण करने पर एक करोड़ रुपये के आस-पास का खर्च आएगा। आढ़तियों का कहना है कि मंडी में अगर बनी हुई दुकान लें तो वह 80 से 90 लाख रुपये में मिल जाती है। ये शहर में है, जबकि अतिरिक्त मंडी शहर से काफी दूर है।
मार्केट कमेटी सचिव संदीप कासनिया ने कहा कि प्लॉट के रेट मार्केटिंग बोर्ड मुख्यालय से तय होते हैं। बोली ऑनलाइन होगी। कोई भी इच्छुक बोलीदाता निर्धारित शर्त पूरी करके प्लॉट खरीद सकता है।
17जेएनडी07: हाइवे स्थित अतिरिक्त मंडी। संवाद