उचाना। बेशक 1995 में उचाना हलके के लोगों को बस स्टैंड की सुविधा मिली हो लेकिन बीते कई सालों से बस स्टैंड खंडहर बन चुका था। यहां पर बसें भी बस स्टैंड के अंदर नहीं जा रही थी। फोरलेन रोड बनने के बाद यहां पर सर्विस रोड नहीं बनने से बस बस स्टैंड के चौक पर ही रुक रही हैं।
पीडब्ल्यूडी द्वारा 38 लाख रुपए खर्च करके बस स्टैंड की सूरत को बदलने का काम किया है। 80 प्रतिशत के लगभग काम पूरा हो चुका है। इस महीने में कार्य पूरा होने के बाद नए साल से बसें बस स्टैंड के अंदर जाने लग जाएगी। इससे यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। सर्विस रोड न बनने से बस स्टैंड के अंदर बसें नहीं जा रही थी तो देखरेख न होने के चलते बस स्टैंड नशेड़ियों का अड्डा बन गया था। शाम होने के बाद तो बस स्टैंड के अंदर जाने से भी डर लगता था। कुछ माह पहले डिप्टी सीएम के शहर के दौरे के दौरान बस स्टैंड के अंदर बसें न जाने का मामला संज्ञान में आने के बाद यहां पर खंडहर में तबदील हो रहे बस स्टैंड के अंदर पेंट, सीसी की फड़, जहां दीवार टूटी है वहां दीवार निर्माण, शटर सहित अन्य जो-जो जरूरत है उनको लेकर पीडब्ल्यूडी को एस्टीमेट बना कर कार्य करने के निर्देश दिए। यहां पर 38 लाख रुपए अब पीडब्ल्यूडी द्वारा विभिन्न कामों पर खर्च किए जा रहे है।
बस स्टैंड शुरू होने से होगा फायदा
यात्री नरेश, बलजीत, विजय, कुलदीप ने कहा कि यहां पर काफी सालों से बस स्टैंड के अंदर बसें नहीं जा रही थी। शहर के दौरे पर जब डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला थे तो उनके संज्ञान में लोगों ने बस स्टैंड में बसें न जाने का मामला लाया। अब बस स्टैंड जो खंडहर होता जा रहा था उसकी सुध ली गई है। पीडब्ल्यूडी द्वारा यहां पर कार्य करवाया जा रहा है। इस माह में ये कार्य पूरा होने की उम्मीद है। नए साल से बस स्टैंड के अंदर बसें जाने लग जाएगी ऐसी उम्मीद की जा रही है।
बस स्टैंड में विभिन्न कार्यों पर 38 लाख रुपए खर्च किए जा रहे है। कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। 80 प्रतिशत के आस-पास काम पूरा हो चुका है।
सोहन, पीडब्ल्यूडी, जेई, उचाना।
बस स्टैंड पर कार्य चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद यहां पर बसों का आवागमन शुरू हो जाएगा। पहले यहां पर सर्विस रोड नहीं था जो बन चुका है। इस महीने काम पूरा होने के बाद नए साल से बसों आवागमन शुरू हो जाएगा।
कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज जींद।