संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। लोकल रूट पर चलने वाली रोडवेज और निजी बसें शहर के बीच से नहीं बल्कि बाईपास से गुजर रही हैं जिससे शहर में बसों के इंतजार में खड़े लोगों को बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा है। इस तरह की शिकायत मिलने पर रोडवेज प्रबंधन और आरटीए ने ऐसे चालक-परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
बाईपास से बसें ले जाने की निजी बस संचालकों की शिकायत आरटीए कार्यालय में आई है। इसके बाद आरटीए कर्मचारी बाईपास पर गश्त कर ऐसा करने वाले निजी बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। वहीं रोडवेज महाप्रबंधक ने डिपो के सभी चालक-परिचालकों को निर्देेश दिया है कि लोकल रूट पर चलने वाली रोडवेज बसों के सभी चालक-परिचालक नरवाना रोड बाईपास की बजाय शहर के अंदर से आएं ताकि यात्रियों को बस में उतरने और चढ़ने में कोई परेशानी नहीं आए। यदि किसी चालक-परिचालक की दोबारा शिकायत आई तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज डिपो प्रबंधन को बार-बार शिकायत मिल रही थी कि लोकल रूटों पर चल रही रोडवेज बसों के चालक-परिचालक शहर से बसों को नहीं गुजार रहे हैं बल्कि वह नरवाना बाईपास से होते हुए बसों को नया बस अड्डा ले जा रहे हैं। ऐसे में शहर में आने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है और उनको बस अड्डे पर ही उतरना पड़ रहा है। फिर उन्हें शहर में आने के लिए 15-20 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इससे उनको आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। कई बार जब यात्री चालक-परिचालक के सामने एतराज जताते हैं तो वे गाली-गलौज करने पर उतारू हो जाते हैं।
बॉक्स
बरवाला रूट पर चालक ने महिला यात्री से की बदसलूकी
पिछले दिनों बरवाला से जींद आ रही महिला यात्री के साथ निजी बस संचालक ने बदसलूकी की। निजी बस संचालक ने शहर में जाने वाले यात्रियों को पटियाला चौक पर उतार दिया था और बस को बाईपास से होते हुए नए बस अड्डे पर ले जाना चाहता था। इस पर महिला यात्री ने एतराज जताया। इस दौरान चालक और महिला यात्री के बीच काफी देर बहस हुई लेकिन निजी बस चालक अपनी मनमानी पर अड़ा रहा और वह बस को बाईपास से होते हुए नया बस अड्डे पर ले गया। यात्रियों ने शहर में जाने के लिए ऑटो में अतिरिक्त रुपये खर्च करने पड़े।
बॉक्स
कैथल और बरवाला से आने वाली बसों की ज्यादा शिकायतें
कैथल, बरवाला और कुरुक्षेत्र से आने वाली लोकल रूट की बसों की रोडवेज प्रबंधन के पास ज्यादा शिकायतें आई हैं। इन रूटों पर चलने वाले यात्रियों ने शिकायत दर्ज करवाई है कि चालक-परिचालक सुबह-शाम के अलावा दिन में भी बसों को शहर के अंदर की बजाय बाहर से लेकर जाते हैं, जिससे उन्हें बस मुहैया नहीं हो पाती है। इसका असर रोडवेज की आमदनी पर भी हो रहा है। शहर से जाने वाले यात्री चौकों पर बसों का इंतजार करते रहते हैं जबकि चालक-परिचालक बस को नरवाना रोड बाईपास से भगाकर ले जाते हैं।
वर्जन
लोकल रूट पर चलने वाली रोडवेज बसों के चालक-परिचालकों को निर्देश है कि वे बसों को शहर के अंदर से लेकर जाएं। यदि कोई भी चालक-परिचालक बस को नरवाना बाईपास से ले जाता हुआ मिला तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद।