जींद। हुडा ग्राउंड में एक सीएससी सेंटर के बाहर कुछ युवकों का विवाद हो गया। विवाद में गोली चलने की सूचना पर पुलिस की चार टीमों ने मौके पर जाकर घटना स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां पर पुलिस को गोली का खोल बरामद नहीं हुआ। इसके चलते डीएसपी, सीआईए, डिटेक्टिव व सिविल लाइन थाना पुलिस ने आसपास की दुकानों तथा कार्यालयों व अन्य स्थानों पर पूछताछ की लेकिन कोई जानकारी हासिल नहीं हुई।
शनिवार दोपहर बाद हुडा ग्राउंड स्थित एक सीएससी सेंटर के बाहर गोली चलने की आवाज आसपास के लोगों को सुनाई दी। इस सूचना पर आसपास के लोग सीएससी सेंटर की तरफ दौड़ पड़े। वहां पर उस दौरान कुछ युवक विवाद कर रहे थे। उनके हाथों में तलवार भी थी। लोगों को आता देख सभी युवक वहां से फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस की चार टीमें मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची तो वहां पर कुछ भी नहीं मिला। इस मामले में कोई शिकायत करने वाला भी सामने नहीं आया। पुलिस को मौके से न तो गोली का खोल मिला और न ही वहां पर कोई युवक। जिसके बाद पुलिस ने लगभग एक घंटा तक आसपास की दुकानों व अन्य क्षेत्रों में जांच की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
गोली चलने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर जाकर जांच की तो वहां पर गोली का कोई खोल बरामद नहीं हुआ। इसके अलावा न तो कोई शिकायत कर्ता सामने आया और न ही आसपास के लोगों ने कोई जानकारी दी। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। अगर कोई शिकायत कर्ता सामने आता है तो इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस आसपास की सीसीटीवी फूटेज की भी जांच कर रही है।
-नवीन मोर सिविल लाइन थाना प्रभारी जींद।