सफीदों। रामनगर गांव में हमला कर घायल करने पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रामनगर गांव निवासी नवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी छह माह से भाई नरेश के साथ जमीन बंटवारे व खेत के रास्ते (प्लाटी) को लेकर अनबन चल रही है। 25 अक्तूबर की शाम को करीब साढ़े सात बजे वह अपने खेत में काम कर रहा था। वहीं पर उनका भाई नरेश, ताऊ का लड़का अरुण, सोनू, राज, अक्षय भी नरेश के धान को ट्रॉली में लोड कर रहे थे। जब नरेश ट्रॉली-ट्रैक्टर को उनके खेत से निकालने लगा तो उसने इसका विरोध किया। इस पर भाई व अरुण गाली-गलौज करने लगे। झगड़े को बढ़ता देखकर वह घर की तरफ जाने लगा तो नरेश और अरुण ने उसे गिराकर मारा। परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल सफीदों ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालात गंभीर देखते हुए खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सदर थाना सफीदों पुलिस ने नवीन की शिकायत पर नरेश व अरुण के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।