28जेएनडी10: लोकसभा व विधानसभा में सीटों की मांग का ज्ञापन सौंपते हुए समाज के लोग।
जींद। लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है राजनीति में अपने समाज के हक के लिए लोग आगे आ रहे हैं। इसको लेकर टीम ब्राह्मण संसद ने बुधवार को रोहतक में भाजपा कार्यालय में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली, संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ को ज्ञापन सौंपा। लोकसभा चुनाव में ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए दो सीट देने की मांग की।
टीम ब्राह्मण संसद के संयोजक कुलदीप कौशिक ने कहा कि उनकी टीम राजनीतिक व सामाजिक रूप से निरंतर हासिये पर जा रहे ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। राजनीति में समाज को अग्रणी रखने के लिए पिछले वर्ष 2 जुलाई को पंचकूला में प्रथम ब्राह्मण संसद का आयोजन किया। इसमें प्रदेश की तमाम राजनीतिक पार्टियों के नेता एवं प्रदेश की तमाम ब्राह्मण सभाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ब्राह्मण संसद के संयोजक नीरज वत्स ने कहा कि हमारा समाज राजनीतिक उपेक्षा के कारण निरंतर पिछड़ रहा है। एक समय था जब भाजपा प्रदेश में अपना अस्तित्व बनाने के लिए लड़ रही थी तो इसी समाज ने भाजपा के लिए धरातल पर लंबी लड़ाई लड़ी।
उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा की अध्यक्षता में लंबे संघर्षों के बाद भाजपा अपने दम पर सत्ता में आई, लेकिन संघर्षशील ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधित्व कम हो गया। मुख्यमंत्री पद तो दूर महत्वपूर्ण मंत्रालय भी इस समाज से दूर हो गए। इसके अलावा विधानसभा में 15 सीटों की मांग की है। इस अवसर पर सुनील वशिष्ठ, सुरेंद्र कौशिक, सोनू कौशिक, आनंद शांडिल्य, सुनील, संदीप, नरेश भारद्वाज, राजेश पाराशर, रामदिया भारद्वाज, मुकेश वशिष्ठ मौजूद रहे।
28जेएनडी10: लोकसभा व विधानसभा में सीटों की मांग का ज्ञापन सौंपते हुए समाज के लोग।