जींद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दरियावाला के अंतर्गत गांव जाजवान और ढांडा खेड़ी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को जागरुकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को मच्छरजनित बीमारियों और एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मी सुनीता कुमारी और आशा वर्करों की टीम ने घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। बुखार से पीड़ित लोगों की रक्त पट्टिका बनाकर जांच के लिए लैब भेजी गई। ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के उपाय बताए गए। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरदानी का उपयोग करने और साफ-सफाई रखने की सलाह दी। वहीं 14 वर्ष से अधिक आयु की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। सुशील शर्मा ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में सहायक है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों का समय पर टीकाकरण करवाने की अपील की। संवाद